चमोली। उत्तराखंड के आपदा प्रभावित स्थानों पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक युद्ध स्तर पर राहत कार्य चला रहे हैं। उन जगहों पर भी पहुंच चुके हैं जो सड़कों से कोसों दूर हैं। वे उत्तरांचल दैवीय आपदा पीड़ित सहायता समिति के जरिए प्राकृतिक बाधाओं को पार करते हुए प्रभावित परिवारों के बीच पहुंच कर उन्हें मदद पहुंचा रहे हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह दिनेश जी सेमवाल ने बताया कि स्वयंसेवकों ने विभिन्न माध्यमों से एकत्र राहत सामग्री थराली, चेपडों, राडीबगड़, केदारबगड़, सगवाडा क्षेत्रों में पहुंचाई है। कई गांव ऐसे भी हैं जोकि सड़क से कोसों दूर है और आपदा प्रभावित है, वहां भी संघ के स्वयंसेवक पहुंच रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पहले स्वयंसेवकों की टोली जाकर पीड़ित परिवारों से उनकी जरूरत पूछती है फिर उन्हें जरूरत के सामान की आपूर्ति करती है। देहरादून, ऋषिकेश आदि स्थानों पर सहायता समिति द्वारा राहत सामग्री एकत्र की जाती है फिर उसे छोटे वाहनों के जरिए प्रभावित लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। प्रांत कार्यवाह ने कहा कि आपदा की स्थिति चिंताजनक है, सड़कें ठीक होने में बहुत वक्त लगेगा। ऐसे में पीड़ित समाज के साथ खड़े रहने, उन्हें मदद करने का समय है।

















