उत्तरकाशी : धराली में 5 अगस्त को आई बाढ़ के दौरान मलबे में दबे कल्प केदार मंदिर का स्थान मिल गया है। मलबे में दबी इमारतों और लोगों की तलाश में जुटी आईटीबीपी, सेना और अन्य टीमों ने स्थानीय लोगों को मंदिर के बारे में जानकारी दे दी है। कल्प केदार मंदिर समिति के सचिव संजय पंवार ने बताया कि गुरुवार सुबह आईटीबीपी और एसडीआरएफ की टीमों ने जानकारी दी कि मलबे से करीब आठ से दस फीट नीचे मंदिर का स्थान मिल गया है।
उसके बाद सभी ग्रामीण एकत्रित हुए और सर्चिंग टीमों के साथ क्षेत्र में एक हनुमान झंडी स्थापित की गई। पंवार ने बताया कि जब तक बाबा का मंदिर नहीं मिल जाता तब तक वहां पर लगाई हनुमान झंडी की सुबह-शाम पूजा की जाएगी। मंदिर का पता लग जाने से साथ स्थानीय लोगों में उत्साह है। उन्होंने बताया कि मलबे में मंदिर में स्थापित मूर्तियों की तलाश जारी है करीब 10 से 12 फुट के मंदिर की ऊपरी सतह है संभवतः मूर्तियां उनके नीचे हो सकती है जिसके लिए हमारी खोज जारी रहेगी। मूर्तियां मिलने के पश्चात मंदिर समिति इस बारे आगे निर्णय लेगी।

















