बेंगलुरु (कर्नाटक) । कर्नाटक विधानसभा में एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम भगदड़ पर बहस के दौरान उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने माना की गलती हुई थी। इसके बाद भाजपा विधायक आर. अशोक के साथ बहस करते हुए डी.के. शिवकुमार ने अचानक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की प्रार्थना की शुरुआत की कुछ पंक्तियों को विधानसभा में सबके सामने गया।
आर. अशोक और शिवकुमार के बीच तीखी नोकझोंक
गुरुवार को जब विधानसभा में बहस हो रही थी तब अशोक ने शिवकुमार की ओर इशारा करते हुए कहा कि आरसीबी भगदड़ की जिम्मेदारी राज्य सरकार को लेनी चाहिए। इस पर उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने पलटवार करते हुए कहा कि उन्हें सारी चालों की जानकारी है, और फिर आरएसएस के प्रार्थना की कुछ पंक्तियाँ गा दीं।
नमस्ते सादा वत्सले मातृभूमे”
: कांग्रेस के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कर्नाटक विधानसभा में #RSS की प्रार्थना की पंक्तियां गाई pic.twitter.com/6I0mOWkouy
— विश्व संवाद केंद्र,जोधपुर प्रान्त (@samvadJodhpur) August 22, 2025
शिवकुमार ने स्वीकार की चूक
विधानसभा को संबोधित करते हुए डी.के. शिवकुमार ने स्वीकार किया कि एक गलती हुई थी, लेकिन सरकार ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने कहा- “मैं कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ का सदस्य हूँ, और वहाँ सभी मेरे मित्र हैं। मैंने झंडा भी उठाया है और कप भी सौंपा है। कुछ गलती हुई थी, लेकिन मैं सिर्फ क्रिकेट का प्रशंसक हूँ। सरकार ने पहले ही तत्काल कार्रवाई कर दी है।”
विपक्ष ने सरकार से जवाब मांगा
इससे पहले विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आर. अशोक ने मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से भगदड़ पर जवाब देने की मांग की। अशोक ने कहा- “इस मामले में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार को जवाब देना होगा। जब इस घटना का मुख्यमंत्री से कोई संबंध नहीं है, तो पुलिस ने अनुमति कैसे दी? वहाँ बड़ी भीड़ जुटी, तो इस समारोह की अनुमति किसने दी? अब उन्हें इसका जवाब देना चाहिए।”
RCB की जीत के बाद हुआ हादसा
गौरतलब है कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की आईपीएल जीत के बाद 4 जून को आयोजित जश्न समारोह के दौरान भगदड़ मच गई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए थे।

















