रामपुर, (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रामपुर जनपद पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जीनत मस्जिद के इमाम को गिरफ्तार किया है। इमाम की सोशल मीडिया पर आई एक पोस्ट ने उसके कन्वर्जन कराने, अश्लीलता फैलाने, इस्लामिक पुस्तकें और तमंचे आदि का खुलासा किया था। वायरल वीडियो का एसपी रामपुर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीमों को गिरफ्तारी में लगाया था। सिविल लाइन थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार करते हुए कई अवैध असलहों के साथ अश्लील वस्तुएं बरामद की हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार, 20 अगस्त को एक पीड़ित युवती ने मस्जिद के पूर्व इमाम रहीस अहमद का सोशल मीडिया पर एक कमरे का कथित वीडियो वायरल किया था, जिसमें महिला के साथ नाजायज असलहा एवं अश्लील सामग्री के साथ इमाम को देखा गया था। इस संबंध में थाना सिविल लाइन पुलिस ने धर्म परिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम, धारा 66 आईटी एक्ट और अश्लीलता फैलाने के आरोप में केस दर्ज किया था। मामले में सिविल लाइन थाना प्रभारी ने आज अजीमनगर थाना अंतर्गत ग्राम परचई कुम्हरिया निवासी आरोपित इमाम रहीस अहमद को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार इमाम के कब्जे से 12 बोर के 2 तमंचे, 4 कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। बरामद हथियार और मोबाइल की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि कोर्ट में पेश करते हुए इमाम के खिलाफ पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में छांगुर उर्फ जलालुद्दीन को युवती का जबरन कन्वर्जन कराने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने छांगुर की जांच में अवैध कन्वर्जन का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नेटवर्क के साथ विदेशी फंडिंग और 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की अवैध संपत्ति का खुलासा किया। फिलहाल छांगुर जेल में है। अब रामपुर जिले में इमाम रहीस को गिरफ्तार किया गया है। उसकी जांच में भी कई खुलासे होंगे।

















