विदेश में बैठे खालिस्तानी आतंकी किस तरह पंजाब को नशे में धकेल रहे हैं और नशे से पीडि़त युवाओं की मजबूरी का लाभ उठवा कर उन्हें देश विरोधी कामों में शामिल कर रहे हैं उसका खुलासा पंजाब के बरनाला जिले में तीन युवाओं की हुई गिरप्तारी से हुआ है। बरनाला पुलिस ने महलकलां निर्वाचन क्षेत्र के विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी के गांव पंडोरी में खालिस्तानी के नारे लिखने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया आरोपियों की पहचान गुरमीत सिंह, गुरसेवक सिंह और किरपा सिंह के रूप में हुई है। तीनों आरोपी महल खुर्द जिला संगरूर के रहने वाले हैं। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल किया है।
विदेश से मिले थे निर्देश
वहीं आरोपियों ने बताया कि उन्हें ऐसा करने के लिए विदेश से निर्देश मिले थे। अमेरिका में रह रहे सुरिंदर सिंह ठीकरीवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से उक्त आरोपियों से संपर्क किया था। इन्हें नशे और रुपये का लालच देकर यह काम करवाया।
पुलिस ने की बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों से एक मोटरसाइकिल, तीन स्प्रे कैन खाली, एक स्प्रे कैन भरा और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके साथ ही निहंग के दो जोड़ी कपड़े भी मिले हैं, आरोपियों ने इन्हीं कपड़ों को डाल कर वारदात को अंजाम दिया था।
घटना 14-15 अगस्त की रात की
बता दें खालिस्तानी नारे लिखने की घटना 14-15 अगस्त की रात को हुई थी। उक्त आरोपियों ने आप विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी के गांव में खालिस्तानी नारे लिखे थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया था।
पुलिस की जांच जारी
जांच के दौरान पुलिस आरोपियों तक पहुंची और उन्हें गिरफ्तार किया। आरोपियों से पुलिस की पूछताछ जारी है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।

















