दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में सोमवार से एयरटेल मोबाइल नेटवर्क की सेवा बुरी तरह प्रभावित हो गई है। इस वजह से हजारों एयरटेल यूजर्स को मोबाइल से कॉल करने में दिक्कत हो रही है। नेटवर्क में आई तकनीकी खराबी के कारण लोग जरूरी फोन कॉल भी नहीं कर पा रहे, जिससे उनके निजी और ऑफिस के काम भी रुक गए हैं। कुछ जियो यूजर्स ने भी नेटवर्क से जुड़ी इसी तरह की परेशानी की शिकायत की है, हालांकि यह समस्या मुख्य रूप से एयरटेल ग्राहकों को ज्यादा प्रभावित कर रही है।
नेटवर्क दोपहर बाद अचानक हुआ खराब- यूजर्स का कहना है कि सोमवार सुबह तक नेटवर्क बिल्कुल सामान्य था, लेकिन दोपहर के बाद से अचानक कॉल करना मुश्किल हो गया। कुछ लोगों ने बताया कि जब वे कॉल डायल करते हैं तो घंटी तक नहीं जाती और कॉल अपने आप कट जाती है। वहीं कुछ लोगों को कॉल कनेक्ट होने में काफी देर लग रही है। इस परेशानी की वजह से ग्राहक बार-बार अपना मोबाइल रीस्टार्ट कर रहे हैं या फिर नेटवर्क सेटिंग बदल रहे हैं, लेकिन कोई फायदा नहीं हो रहा है। नेटवर्क की यह दिक्कत केवल एक इलाके तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरा एनसीआर इससे प्रभावित है, जिसमें दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, गाज़ियाबाद और फरीदाबाद जैसे इलाके शामिल हैं।
सर्विस सेंटर कर्मचारियों की जानकारी- जब परेशान ग्राहक एयरटेल के सर्विस सेंटर पहुंचे तो वहां मौजूद कर्मचारियों ने बताया कि यह समस्या किसी एक व्यक्ति या एक इलाके की नहीं है। यह एक बड़ी तकनीकी खराबी है जो पूरे एनसीआर में फैली हुई है। कर्मचारियों ने कहा कि कंपनी की टेक्निकल टीम इस पर लगातार काम कर रही है और उम्मीद है कि जल्द ही नेटवर्क सामान्य हो जाएगा। यह सिर्फ मोबाइल से कॉल करने में दिक्कत है, बाकी इंटरनेट सेवा और ऐप्स जैसे व्हाट्सएप, टेलीग्राम, या गूगल मीट के जरिए वॉइस और वीडियो कॉल अब भी संभव है। कई यूजर्स ने सोशल मीडिया और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर अपनी परेशानी साझा की है। लोगों का कहना है कि उन्हें जरूरी ऑफिस मीटिंग्स में शामिल होना था या परिवार के किसी सदस्य से बात करनी थी, लेकिन नेटवर्क ना होने की वजह से वे ऐसा नहीं कर पाए। इस तकनीकी खामी के चलते न केवल दिल्ली-NCR में रहने वाले एयरटेल यूजर्स परेशान हैं, बल्कि जो लोग देश के अन्य हिस्सों से NCR में मौजूद अपने परिवार, दोस्तों या ऑफिस के लोगों को कॉल कर रहे हैं, उन्हें भी कनेक्शन नहीं मिल रहा है।
अब तक एयरटेल की ओर से इस नेटवर्क फेलियर को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हालांकि, ग्राहक सेवा केंद्र के कर्मचारियों ने आश्वासन दिया है कि यह समस्या अस्थायी है और कुछ ही घंटों में ठीक कर ली जाएगी।
जब तक यह समस्या ठीक नहीं होती, तब तक यूजर्स के लिए यही सुझाव है कि वे इंटरनेट आधारित कॉलिंग ऐप्स जैसे व्हाट्सएप आदि का इस्तेमाल करें। अगर आपका इंटरनेट भी एयरटेल का है और वह भी ठीक से नहीं चल रहा, तो वाई-फाई या किसी अन्य नेटवर्क का सहारा लेना पड़ सकता है।











