गत 10 अगस्त को कोलकाता में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र न्यास के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि महाराज को 36वें डॉ. हेडगेवार प्रज्ञा सम्मान से सम्मानित किया गया। उन्हें सम्मान-स्वरूप 1,00,000 रु. का चेक और मानपत्र प्रदान किया गया।
बता दें कि श्री बड़ाबाजार कुमारसभा पुस्तकालय द्वारा प्रत्येक वर्ष यह सम्मान एक ऐसी विभूति को दिया जाता है, जिसने समाज की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान दिया हो। समारोह की अध्यक्षता सिक्किम के राज्यपाल श्री ओमप्रकाश माथुर ने की।
अपने संघ जीवन के संस्मरणों को साझा करते हुए उन्होंने बताया कि डॉ. हेडगेवार द्वारा स्थापित संगठन की कार्यपद्धति आज भी प्रेरणा देती है और राष्ट्रभक्ति का बीजारोपण करती है।
समारोह के मुख्य वक्ता और प्रबुद्ध चिंतक श्री मुकुल कानिटकर ने कहा कि आज भारत अपनी संस्कृति और समृद्धि से विश्व को प्रभावित कर रहा है तो स्वामी गोविंददेव गिरि महाराज ने कहा कि विश्व का मांगल्य भारत के विचारों में निहित है और भारत की शक्ति संगठित हिंदू समाज में है। मुख्य अतिथि श्री सज्जन कुमार तुल्स्यान ने कहा कि डॉ. हेडगेवार द्वारा स्थापित संघ आज बीज से वटवृक्ष बन चुका है।

















