प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को लाल किले से अपने स्वतंत्रता दिवस भाषण में घोषणा की कि सरकार दीपावली के अवसर पर अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधार को लागू करेगी। इससे नागरिकों पर टैक्स का बोझ कम होगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन सुधारों के तहत, जिनका निर्णय एक उच्च स्तरीय समिति द्वारा समीक्षा के बाद लिया गया, आम नागरिक से संबंधित करों में उल्लेखनीय कमी आएगी। इससे रोजमर्रा की वस्तुएं सस्ती होंगी और एमएसएमई क्षेत्र को लाभ होगा।
प्रधानमंत्री ने बताया कि सरकार ने आयकर प्रणाली को भी बेहद सरल बनाया है। हाल ही में 12 लाख रुपये तक की वार्षिक आय पर कर पूरी तरह समाप्त कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि ये कदम मध्यमवर्ग और वेतनभोगी वर्ग को बड़ी राहत लेकर आया है।

















