प्राकृतिक आपदा के बावजूद धराली हर्षिल, मुखबा क्षेत्र के लोगों ने अदम्य साहस और देशभक्ति की भावना के साथ पूरे उत्साह और गरिमा के साथ 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया। आपदा की भयावहता के बीच भी लोगों की देशभक्ति और जुनून कम नहीं हुआ।
आज सुबह 9 बजे धराली, हर्षिल, मुखबा में ध्वजारोहण किया गया और राष्ट्रगान गाया गया। इस अवसर पर आपदा राहत कार्य में लगे कार्मिकों, पुलिस बल, आईटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ ने भी ध्वजारोहण किया।आपदा प्रभावित क्षेत्र के स्थानीय नागरिकों, युवाओं और बुजुर्गों ने भी आज़ादी के इस पर्व में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
वक्ताओं ने अपने संबोधन में कहा कि भले ही आपदा से भौतिक क्षति हुई है, लेकिन हमारी भावना और देशभक्ति अटूट है। यह स्वतंत्रता दिवस न केवल आजादी का प्रतीक है, बल्कि हमारी एकता, साहस और संघर्ष का जीवंत उदाहरण भी है। कार्यक्रम के अंत में शांति एवं समृद्धि की कामना के साथ संकल्प लिया गया कि हम सब मिलकर पुनर्निर्माण में अपना योगदान देंगे तथा इस आपदा से प्रभावित क्षेत्र का पुनर्निर्माण करेंगे। गंगोत्री धाम पर भी तिरंगा फहराया गया। इस अवसर पर गंगोत्री मंदिर समिति के सचिव सुरेश सेमवाल, तहसीलदार सुरेश सेमवाल सहित अन्य अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

















