देहरादून: स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने अगस्त क्रांति की स्मृति में रैली निकालकर विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार के साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का घंटाघर चौराहे पर पुतला दहन किया। मंच ने नागरिकों से स्वदेशी वस्तुओं को खरीदने और विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार करने की अपील करते हुए कहा कि राष्ट्र के आर्थिक विकास के लिए मेड इन इंडिया जरूरी है।
विदेशी बहिष्कार को लेकर प्रदर्शन
कार्यक्रम में प्रांत युवा प्रमुख गौरव कुमार,गढ़वाल संभाग के सहसंयोजक संतोष रावत, जिला के सह संयोजक अजय अरोड़ा महानगर संयोजक आशीष पोरवाल, प सुशील कुमार सिंह के संयुक्त नेतृत्व में विदेशी वस्तुओं का बहिस्कार को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया गया।
टैरिफ के जरिए विनिर्माण को खत्म करने की साजिश
इस अवसर पर मंच के प्रांत युवा प्रमुख गौरव कुमार ने कहा कि स्वदेशी उत्पादों की खरीद और विक्री भी राष्ट्र की सच्ची सेवा है। वर्ष 1991 में अपनी स्थापना के बाद से ही स्वदेशी जागरण मंच स्वदेशी अपनाने के लिए जनता में जागरूकता पैदा कर रहा है। मंच का दृढ़ विश्वास है कि हमारा राष्ट्र स्वदेशी और आत्मनिर्भरता के आधार पर ही समृद्ध होगा। उन्होंने कहा कि टैरिफ दीवारों और अन्यायपूर्ण गैर-टैरिफ बाधाओं का उपयोग करके वैश्विक निर्यात को अवरुद्ध किया जा रहा है। हमारे विनिर्माण को खत्म करने का षड्यंत्र किया जा रहा है। ऐसे में स्वदेशी राष्ट्रीय हितों की रक्षा का एक महत्वपूर्ण साधन हो सकता है।
उन्होंने कहा कि विदेशी वस्तुओं का न्यूनतम उपयोग, और चीन, तुर्की व अन्य विरोधी देशों की वस्तुओं और सेवाओं का बहिष्कार करना होगा। विकास के विकेंद्रीकृत माडल के आधार पर स्थानीय स्तर पर रोजगार, आजीविका और लोगों के कल्याण को भी बढ़ावा देने के लिए अधिक से अधिक स्वदेशी को अपनाना होगा। कार्यक्रम में मोहित कुमार, विक्रम विनीत पार्थ आदि कार्यकर्ता उपस्थित रह।
















