राजस्थान के दौसा जिले में मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 8 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा दौसा के बापी क्षेत्र में हुआ, जहां एक यात्री पिकअप गाड़ी और एक भारी ट्रेलर ट्रक के बीच सीधी टक्कर हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
खाटू श्याम दर्शन कर लौट रहे थे श्रद्धालु- पुलिस और प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक और घायल सभी लोग खाटू श्याम मंदिर से दर्शन करके लौट रहे थे। श्रद्धालुओं से भरी पिकअप जैसे ही बापी के पास पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रेलर ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और कई लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
दौसा के जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि अब तक 11 लोगों के मौत की पुष्टि हो चुकी है। इसके अलावा 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए एसएमएस अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं 3 अन्य घायलों का इलाज दौसा जिला अस्पताल में चल रहा है। प्रशासन ने सभी ज़रूरी मेडिकल सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच- दौसा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सागर राणा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने बताया कि हादसे की प्राथमिक जानकारी के अनुसार पिकअप और ट्रेलर दोनों की स्पीड तेज थी। संभवतः ओवरटेक या लापरवाही के चलते यह दुर्घटना हुई है। पुलिस ने दोनों वाहनों को ज़ब्त कर लिया है और दुर्घटना की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और घायलों को बाहर निकालने में पुलिस की मदद की। एम्बुलेंस को तुरंत बुलाकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटनास्थल पर शवों को निकालने में भी काफी कठिनाई हुई, क्योंकि टक्कर के बाद पिकअप बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी।

















