मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज उत्तरकाशी जिले के बाढ़ प्रभावित धराली क्षेत्र पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत की तथा सेना के अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री धामी ने प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया और राहत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री धामी ने मौके पर तैनात और राहत एवं बचाव कार्यों में लगे सैन्यकर्मियों से भी मुलाकात की। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा जिला प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि राहत सामग्री एवं सहायता सभी प्रभावित लोगों तक समय पर पहुंचनी चाहिए।
राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए दो हेलीकॉप्टरों के माध्यम से धराली क्षेत्र में आवश्यक खाद्य सामग्री और राहत सामग्री पहुंचाई गई है। इसके अलावा भारतीय वायुसेना के चिनूक हेलीकॉप्टर द्वारा भारी मशीनरी भी पहुंचाई जा रही है, ताकि सड़कों की मरम्मत, मलबा हटाने और अन्य जरूरी कार्य तेजी से किए जा सकें। राज्य सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक प्रभावित व्यक्ति को राहत पहुंचाना और सामान्य स्थिति बहाल करना है। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिया कि कोई भी प्रभावित परिवार सहायता से वंचित न रहे।
यह भी पढ़ें-
गंगोत्री में यात्री सुरक्षित
बाढ़ के दौरान सड़क बह जाने के कारण गंगोत्री में लगभग 500 तीर्थयात्री फंसे हुए हैं। प्रशासन ने फिलहाल उन्हें वहीं रोक दिया है। हालात अनुकूल होते ही उन्हें वहां से निकाला जाएगा। डीएम प्रशांत आर्य के अनुसार सभी तीर्थयात्री सुरक्षित हैं और उन्होंने अपने परिजनों से भी बात की है। प्रशासन और मंदिर समिति ने उनके रहने, खाने आदि की व्यवस्था की है।

















