तरनतारन । भारत-पाक अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पंजाब में तस्करी का काम निरंतर जारी है परंतु चिंता की बात तो यह है कि अब इस काम में नाबालिग बच्चे व किशोर भी शामिल हो रहे हैं। गत दिनों फिरोजपुर इलाके में कई तस्करी के आरोपियों के साथ एक नाबालिग को पकड़ा गया था और अब फिर तरनतारन इलाके में दो नाबालिगों के साथ छह तस्कर काबू किए गए हैं।
यह भी पढ़ें – पंजाब पुलिस को सर्वोच्च न्यायालय की फटकार, कहा- सैनिकों का सम्मान सीखो, इनके कारण चैन से सो पाते हो
पंजाब के तरनतारन जिले के सीमावर्ती क्षेत्रों से पाकिस्तान से मंगवाई दो किलो हेरोइन व दो पिस्तौल के साथ छह तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
संयुक्त अभियान में हुई कार्रवाई
सीमा सुरक्षा बल और पंजाब पुलिस ने संयुक्त सर्च अभियान के दौरान बीओपी बाबा पीर पोस्ट (कलसियां खुर्द) के पास 590 ग्राम हेरोइन के साथ दो नाबालिगों को पकड़ा।
यह भी पढ़ें – उत्तरकाशी में बादल फटा : धराली में तबाही, कई लापता
कम्पनी कमांडेंट नरेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
हेरोइन की खेप के साथ गिरफ्तारियां
इसी प्रकार, कुलविंदर सिंह काका और आकाशदीप सिंह आशु को गांव डल के पास गिरफ्तार किया गया। ये ड्रोन से मंगवाई गई हेरोइन की खेप ले जा रहे थे। इनके पास से 605 ग्राम हेरोइन मिली। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पाकिस्तान से हथियारों की सप्लाई
उधर, पाकिस्तान से मंगवाई दो पिस्तौल के साथ गांव डल निवासी सिकंदर सिंह व माड़ी कंबोके निवासी समरदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें – ऑपरेशन ‘सिंदूर’ आतंकवाद के खिलाफ भारत की नई परिभाषा : सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी
इनके कब्जे से एक ग्लाक पिस्टल, एक 32 बोर का पिस्टल, दो मैगजीन व पांच कारतूस बरामद किए गए।
एसएसपी का बयान और आगे की जांच
एसएसपी दीपक पारिक ने बताया कि आरोपितों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह पाकिस्तान से अवैध असलहा मंगवाकर आगे सप्लाई करते थे।

















