अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में भारत और कनाडा जैसे देशों पर 25% टैरिफ लगाने की घोषणा की है। इस कदम ने वैश्विक व्यापार में हलचल मचा दी है। कनाडा के मशहूर कारोबारी किर्क लुबिमोव ने इसे एक बड़ी भूल करार दिया है। उनका कहना है कि यह फैसला न सिर्फ आर्थिक, बल्कि भू-राजनीतिक दृष्टि से भी गलत है।
टैरिफ का मसला
ट्रंप ने भारत पर 25% और कनाडा पर 35% टैरिफ लगाने का ऐलान किया है। उनका दावा है कि यह कदम अमेरिका को फायदा पहुंचाएगा और फेंटानिल जैसे ड्रग्स की तस्करी रोकेगा। लुबिमोव का कहना है कि वो पहले भी इस बारे में कहते थे औऱ एक बार फिर से कह रहे हैं कि टैरिफ के मामले में ट्रम्प ने जियोपॉलिटिक्स का जरा सा भी ध्यान नहीं रखा। ट्रम्प अब भारत से लड़ाई लड़ने जा रहे हैं, जो कि दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है। इससे अमेरिका का ही नुकसान होगा। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जैसे लोकप्रिय नेता के साथ टकराव अमेरिका के लिए नुकसानदायक हो सकता है। भारत ने जवाब में अपनी कृषि और मैन्युफैक्चरिंग को बचाने की कसम खाई है, जिससे व्यापार वार्ताएं और जटिल हो गई हैं।
इसे भी पढ़ें: ब्राजील के राष्ट्रपति लूला डि सिल्वा का अमेरिका पर गंभीर आरोप-‘नहीं भूलेंगे आपने तख्तापलट की कोशिश की’
वैश्विक असर
इस टैरिफ का असर भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ सकता है। अर्थशास्त्रियों का अनुमान है कि इससे भारत की जीडीपी में 0.4% की कमी आ सकती है। कनाडा ने भी जवाबी टैरिफ की धमकी दी है, जिससे वैश्विक व्यापार युद्ध की आशंका बढ़ गई है। कनाडाई पीएम मार्क कार्नी ने इसे “मूर्खतापूर्ण” कदम बताया और कहा कि कनाडा अपने हितों की रक्षा करेगा।
ट्रम्प को अपनी नीति पर फिर से विचार करने का दिया सुझाव
लुबिमोव ने सुझाव दिया कि ट्रंप को अपनी नीति पर पुनर्विचार करना चाहिए। भारत और कनाडा जैसे सहयोगी देशों के साथ रिश्ते बिगाड़ने से अमेरिका का ही नुकसान होगा। भारत अब यूरोप और दक्षिण-पूर्व एशिया जैसे बाजारों की ओर देख रहा है। अगर ट्रंप की नीति जारी रही, तो वैश्विक व्यापार और सहयोग पर गहरा असर पड़ सकता है।
गौरतलब है कि डोनाल्ड ट्रम्प ब्रिक्स देशों के गठबंधन को अमेरिकी संप्रभुता के लिए खतरा मानते हैं। उनका कहना है कि ये देश डॉलर को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
















