पंजाब के जिला फिरोजपुर पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से लाई गई नशीली दवाओं की बड़ी खेप के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी भूपिंदर सिंह सिद्धू ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि हरजिंदर सिंह और गुरविंदर सिंह नामक दो तस्कर ट्रक में दाल और अजवाइन की बोरियों के बीच छिपाकर भारी मात्रा में चूरा पोस्त ले जा रहे हैं।
सूचना के आधार पर की गई नाकाबंदी के दौरान जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो उसमें से 400 किलो चूरा पोस्त बरामद की गई और दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
ड्रोन से हेरोइन मंगवाने वाले गिरोह का भंडाफोड़
एक अन्य मामले में सीआईए स्टाफ ने गुप्त सूचना के आधार पर राजोकेगट्टी गांव के रहने वाले गुरप्रीत सिंह और हरनाम सिंह को पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए हेरोइन मंगवाने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इनके पास से 8 किलो 301 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
फिरोजपुर निवासी योगराज सिंह भी गिरफ्तार
इसी प्रकार, फिरोजपुर निवासी योगराज सिंह को भी एक नाकाबंदी के दौरान गिरफ्तार किया गया। उसकी तलाशी लेने पर 4 किलो 720 ग्राम हेरोइन और एक पिस्तौल बरामद हुई।
नशा नेटवर्क पर बड़ा प्रहार
एसएसपी सिद्धू ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर बड़े स्तर पर ड्रग तस्करी से जुड़े हुए हैं और इनकी गिरफ्तारी से नशे के नेटवर्क को तोड़ने में महत्वपूर्ण मदद मिलेगी। सभी आरोपियों से कड़ी पूछताछ की जा रही है ताकि इनके नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों तक भी पुलिस पहुंच सके।
पंजाब को नशा मुक्त बनाने की प्रतिबद्धता
उन्होंने बताया कि नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। अब तक 100 किलो से अधिक हेरोइन बरामद की जा चुकी है और पुलिस पूरी गंभीरता से इस अभियान को अंजाम दे रही है ताकि पंजाब को नशा मुक्त बनाया जा सके।














