लखनऊ । विश्व हिंदू रक्षा परिषद के कार्यालय में छांगुर गैंग से पीड़ित लोगों ने अपनी व्यथा बताई। कन्वर्जन की पीड़िता शिवानी वर्मा मध्य प्रदेश से, कर्नाटक से निर्मला चौहान, जमीन जिहाद के पीड़ित दिल्ली से नन्द किशोर गांधी, मुंबई से बालाजी सावरकर, उत्तर प्रदेश में बलरामपुर से रेनू देवी व गोंडा से रूपाली सोनी ने अपनी आपबीती बताई। बिहार से आये अखिलेश दास ने बताया कि उनकी मठ की ज़मीन पर छाँगुर गैंग के सदस्यों ने कब्ज़ा कर लिया है।
हर महीने हो रहे दो लाख हिंदुओं का कन्वर्जन
विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने एक बेहद सनसनीखेज खुलासा करते हुए कहा है कि देशभर में हर महीने दो लाख से अधिक हिंदुओं का कन्वर्जन कराया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सब एक संगठित साजिश के तहत हो रहा है, जिसमें लव जिहाद, जमीन जिहाद और शिक्षा जिहाद जैसे हथियारों का प्रयोग किया जा रहा है।
पांच राज्यों से पहुंचे पीड़ित
उन्होंने कहा कि छांगुर प्रकरण के बाद अब एक बार फिर देश के पांच राज्यों कर्नाटक, मध्य प्रदेश, दिल्ली, महाराष्ट्र एवं खुद उत्तर प्रदेश से कन्वर्जन के पीड़ित लोग उनके पास पहुंचे हैं। इन लोगों को लालच देकर, धोखे से, प्यार में फंसाकर और कई बार डराकर कन्वर्जन के लिए मजबूर किया गया है।
संगठित षड्यंत्र का मुकाबला करने का आह्वान
गोपाल राय ने कहा कि अब समय आ गया है कि हम अपनी आंखें खोलें, संगठित हों और इस सुनियोजित षड्यंत्र का डटकर मुकाबला करें। उन्होंने हिंदू समाज से आह्वान किया कि वे इन योजनाबद्ध साजिशों के खिलाफ एकजुट होकर खड़े हों।















