मालेगांव बम धमाका मामले में एनआईए (NIA) कोर्ट के फैसले के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी का कहना है कि भगवा आतंकवाद शब्द गढ़ने के लिए कांग्रेस माफी मांगे। राहुल गांधी और सोनिया गांधी माफी मांगे। इस फैसले के भाजपा (BJP) ने ‘भगवा आतंकवाद’ की थ्योरी को पूरी तरह ध्वस्त करने वाला बताया है।
बीजेपी ने पूछा- क्या राहुल गांधी और सोनिया गांधी माफी मांगेंगे…
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस फैसले के बाद अपने सोशल मीडिया साइट X पर लिखा “आतंकवाद भगवा न कभी था, ना है, ना कभी रहेगा!” भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने इस फैसले के बाद कहा कि हिंदू आतंकवाद का झूठा प्रोपेगेंडा आज कोर्ट में ढह गया। सभी आरोपी बरी कर दिए गए। यह कांग्रेस पर बड़ा तमाचा है। कांग्रेस ने वोट बैंक की राजनीति के लिए हमारे सहिंष्णु हिंदू धर्म को बदनाम किया। क्या राहुल गांधी सोनिया गांधी माफी मांगेंगे?

उनका कहना है कि “हिंदू सहिष्णु है, आतंकवादी नहीं। हिंदू सहिष्णु है तभी भारत में बहुसंख्यक हो कर भी पंथनिरपेक्षता को अपनाया।” भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने इस फैसले के बाद कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने भगवा आतंकवाद के झूठ का नरेटिव फैलाया था। उसका आज पर्दाफाश हो गया है।
इसे भी पढ़ें-मालेगांव बम धमाका: कांग्रेस ने रचा हिंदू आतंकवाद का फर्जी नैरेटिव
कांग्रेस ने अपनी नाकामी छिपाने के लिए गढ़ी थी भगवा आतंकवाद की थ्योरी
मालेगांव ब्लास्ट मामले में NIA कोर्ट द्वारा सभी आरोपियों को बरी किए जाने पर शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे ने कहा कि कांग्रेस ने आतंकवाद को खत्म ना कर पाने की अपनी नाकामी छिपाने के लिए भगवा आतंकवाद जैसे नैरेटिव को गढ़ने की कोशिश की थी। गौरतलब है कि साल 2008 में मालेगांव में एक बाइक में धमाका हुआ और छह लोगों की जान चली गई थी। 101 लोग घायल हुए थे। इसके बाद पुलिस कार्रवाई शुरू हुई और साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर और लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित सहित सात लोगों को आरोपी बनाया गया। 17 साल बाद एनआईए कोर्ट ने सातों आरोपियों को बरी कर दिया। इस फैसले के आते ही बीजेपी कांग्रेस पर आक्रमक हो रही है और पूछ रही है कि क्या इसके लिए पार्टी माफी मांगेगी।

















