New Rules from 1st August 2025: 1 अगस्त से कई नियम बदल जाएंगे। यह बदलाव सीधे आम लोगों के रोजमर्रा के खर्च, सेवाओं और डिजिटल ट्रांजैक्शन पर असर डाल सकते हैं। ये ऐसे बदलाव हैं जो सीधे आपकी जेब पर असर डालेंगे। बैंक हॉलिडे (Bank Holidays), क्रेडिट कार्ड इंश्योरेंस (Credit Card insurance) और CNG/PNG की कीमतें भी 1 अगस्त से बदल सकती हैं। ऐसे में आपको अपनी फाइनेंशियल प्लानिंग (Financial Planning) सही से करनी होगी।
जरूरी है कि इन नए नियमों को समय रहते समझा जाए और अपनी प्लानिंग को उसी हिसाब से एडजस्ट किया जाए।
UPI से जुड़े नए नियम होंगे लागू: 1 अगस्त से नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की ओर से UPI से जुड़े कुछ नए नियम (UPI New Rules 2025) लागू किए जाएंगे। थर्ड पार्टी ऐप्स जैसे गूगल पे, फोनपे या पेटीएम पर दिनभर में अधिकतम 50 बार ही बैलेंस चेक किया जा सकेगा। UPI ऐप पर मोबाइल नंबर से लिंक बैंक अकाउंट्स को दिन में केवल 25 बार तक ही देखा जा सकेगा।
AutoPay ट्रांजैक्शन जैसे म्यूचुअल फंड की SIP या OTT सब्सक्रिप्शन अब दिन के सिर्फ 3 फिक्स टाइम स्लॉट सुबह 10 बजे से पहले, दोपहर 1 से 5 बजे और रात 9.30 बजे के बाद ही प्रोसेस होंगे। जिससे सिस्टम पर लोड कम होगा और ट्रांजैक्शन फेल होने की समस्या घटेगी।
RBI ब्याज दरों पर फैसला: 4 अगस्त से 6 अगस्त तक भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक होनी है। जिसमें रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा पैनल के साथ मिलकर यह तय करेंगे कि ब्याज दरों में कोई बदलाव किया जाए या नहीं। अगर बदलाव होता है तो इसका सीधा असर लोन EMI पर पड़ेगा।
LPG सिलेंडर की कीमतों में हो सकता है बदलाव: 1 अगस्त को ऑयल कंपनियां एलपीजी सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करेंगी। 1 जुलाई को कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 60 रुपये की कटौती हुई थी। जबकि घरेलू सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया था। उम्मीद है कि 1 अगस्त से घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में राहत मिल सकती है।

CNG-PNG की कीमतों में हो सकता है बदलाव: तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को CNG और PNG की कीमतें रिवाइज करती हैं। अप्रैल के बाद से अभी तक इनमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। 9 अप्रैल को मुंबई में सीएनजी की कीमत 79.50 रुपये प्रति किलो और पीएनजी की 49 प्रति यूनिट तक पहुंची थी। माना जा रहा है कि अगस्त में एक बार फिर इनके दामों में बदलाव हो सकता है।
विमान ईंधन के रेट्स में बदलाव संभव: 1 अगस्त को ऑयल कंपनियां एटीएफ (Air Turbine Fuel) यानी विमान ईंधन के रेट्स में भी बदलाव कर सकती हैं। इससे हवाई टिकट महंगे हो सकते हैं। अगर कीमतों में कटौती होती है तो हवाई सफर कुछ सस्ता हो सकता है।
क्रेडिट कार्ड पर मिलने वाला इंश्योरेंस कवर बंद:
एसबीआई कार्ड यूजर को 11 अगस्त से कुछ बदलाव सीधे प्रभावित करेंगे। एसबीआई (SBI) ने कुछ को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड्स पर मिलने वाला फ्री एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस बंद करने का फैसला लिया है। ये कवर 50 लाख से 1 करोड़ रुपये तक मिलता था अब ये फायदे प्राइम कार्ड पर नहीं मिलेगें। इससे फ्री इंश्योरेंस बेनिफिट के भरोसे रहने वाले कार्डहोल्डर को बड़ा नुकसान हो सकता है।

















