पंजाब में नशे का गंदा धंधा जोरों पर है और अब इसकी दुकानें भी सजने लगी हैं। चौंकिए नहीं राज्य के सीमावर्ती जिले फिरोजपुर में पुलिस ने नशे की बड़े खेप पकड़ी है। पुलिस ने कार सवार नशा तस्कर को 15 किलो चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है और बताया जाता है कि आरोपी नशे के खरीददारों की प्रतीक्षा में था।
खुफिया इनपुट पर हुई कार्रवाई
फिरोजपुर के थाना घल्लखुर्द पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रमेश कुमार वासी गांव मोहकम खां वाला के तौर पर हुई है। हाल में गोल्डन एन्क्लेव फिरोजपुर में रहता है। आरोपी के पास से 15 किलो 7 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। नशे की यह खेप अलग-अलग पैकेट में पैक की गई थी। आरोपी से कुल 15 पैकेट मिले हैं, जिन्हें पीले रंग के लिफाफों और लाल टेप से बांधा गया था।
इसे भी पढ़ें: केंद्र सरकार के कर्मचारियों को बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल के लिए 30 दिन की छुट्टी
तस्करों और पुलिस की मुठभेड़
दूसरी तरफ कपूरथला जिले के गांव खीरांवाली के नजदीक देर शाम कार सवार नशा तस्करों और पुलिस के बीच फायरिंग हो गई, जिसमें एक तस्कर गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि तस्करों की ओर से की गई फायरिंग में पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए। पुलिस टीम ने कार सवार दोनों नशा तस्करों को काबू कर लिया है। गुरुवार की देर शाम अमृतसर निवासी दो तस्कर स्विफ्ट कार में कपूरथला के गांव खीरांवाली के नजदीक नशा सप्लाई करने आए थे। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर क्षेत्र में नाकाबंदी की हुई थी, तभी एक कार को रुकने का इशारा किया तो कार में सवार तस्करों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों तस्करों को काबू कर लिया।
एसएसपी गौरव तूरा ने बताया कि पकड़े गए तस्करों के पास से एक पिस्तौल, मैगजीन और हेरोइन की खेप बरामद की गई है। पुलिस ने कार भी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना फत्तूढींगा में एफआईआर दर्ज की जा रही है। उन्होंने बताया कि एक तस्कर फायरिंग में नहीं, बल्कि भागने के चक्कर में जख्मी हुआ है।

















