सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक निवेश योजना का प्रचार कर रहे हैं। वीडियो में दावा किया गया है कि आप मात्र 21 हजार रुपये के निवेश पर प्रतिदिन 1.25 लाख तक का मुनाफा कमा सकते हैं। लेकिन प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो (पीआईबी) ने इस वीडियो व दावे को सिरे से खारिज करते हुए इसे फर्जी बताया है। पीआईबी ने जब इस वीडियो की जांच की तो पता चला कि यह पूरी तरह फर्जी है, इसे डिजिटल रूप से हेरफेर करके तैयार किया गया है। पीआईबी फैक्ट चेक ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल से शुक्रवार (4 जुलाई) को इस फेक वीडियो को शेयर करते हुए लिखा कि पीएम मोदी और भारत सरकार का ऐसे किसी भी प्लेटफॉर्म से कोई भी संबंध नहीं है। ऐसी कोई निवेश योजना शुरू नहीं की जा रही है। लोगों से अपील है कि वे इस तरह के भ्रामक दावों पर विश्वास न करें। इसे शेयर करने से पहले सत्यता की पुष्टि करें।
दरअसल वायरल वीडियो में पीएम मोदी देश की जनता को अंग्रेजी भाषा में संबोधित करते हुए दिख रहे हैं। आमतौर पर वह देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर के मंचों पर अक्सर हिंदी भाषा में ही बात करते हैं। यही नहीं पीएम मोदी अंग्रेजी में जिस लहजे में कर रहे हैं, ना तो वह उनका है और ना ही आवाज उनकी है।
आजकल भोली-भाली जनता को फंसाने के लिए डीपफेक तकनीक का धड़ल्ले से उपयोग किया जा रहा है। इसके तहत वास्तविक कंटेंट से छेड़छाड़ कर गलत जानकारी फैलाई जा रही है, जिससे लोग भ्रमित होकर ठगी का शिकार हो रहे हैं। इसलिए पहले से ही सर्तक रहें। सरकारी योजनाओं के बारे में सही जानकारी और निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले आधिकारिक स्रोतों की पुष्टि अवश्य करें। इसके लिए सरकार या किसी आधिकारिक संस्था के पोर्टल और सोशल मीडिया अकाउंट पर योजना की सच्चाई जरूर जांचें।
















