वाराणसी: आगामी 3 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा 2025 को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी से अमरनाथ यात्रियों के लिए खास इंतजाम किया गया है। श्री बाबा काशी विश्वनाथ सेवा समिति द्वारा अमरनाथ यात्रियों के लिए जम्मू-कश्मीर के चंदनवाड़ी में 3 जुलाई से रक्षाबंधन तक काशी का 25वां विशाल भंडारा आयोजित किया जाएगा। समिति अध्यक्ष दिलीप सिंह बंटी ने बताया कि काशी से 70 सेवादारों का जत्था 28 जून को रवाना होगा।
अमरनाथ यात्रियों के लिए विशेष इंतजाम
अमरनाथ यात्रियों के लिए दिव्य भंडारे में बनारसी कचौड़ी – सब्जी, जलेबी, ठंडाई, पान और मलइयो का इंतजाम किया जाएगा। दस से ज्यादा व्यंजनों के कारीगर काशी से जाएंगे। दक्षिण भारतीय व गुजराती व्यंजन भी परोसे जाएंगे। सेवा शिविर में लगभग 300 यात्रियों के ठहरने, भोजन, स्वास्थ्य व पूजन की संपूर्ण व्यवस्था की गई है।
पहला जत्था 20 जून को काशी से रवाना होकर टेंट लगाने में जुटा है। दूसरा जत्था बेगमपुरा एक्सप्रेस ट्रेन से 28 जून को विवेक श्रीवास्तव के साथ 70 ज्यादा सेवादारों का दल रवाना होगा। काशीवासियों द्वारा इसी दिन सुबह 7 बजे लक्सा से 300 से 400 बाइकों की भव्य रैली निकाली जाएगी। जिसमें बाबा बर्फानी का शिवलिंग और डमरू दल विशेष आकर्षण का केंद्र होगा। यह रैली गदौलिया, मैदागिन, चौक होते हुए वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचेगी।
विशाल सेवा आयोजन में भोजन सामग्री, ठहराव, गर्म कपड़े, मास्क, स्वेटर, साल, जूते-मोजे आदि का प्रबंध किया गया है। संस्था अब तक 25-30 ग्रुपों का श्राइन बोर्ड के माध्यम से रजिस्ट्रेशन कराने में सहयोग कर चुकी है।











