कोलकाता, 06 जून (हि.स.)। मुर्शिदाबाद में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है, जिसमें तालिबानी तरीके से एक 52 साल के जालिम शख्स ने दसवीं के छात्रा को बेरहमी से मार डाला क्योंकि उसने शादी के लिए कथित तौर पर दबाव बनाया था। गला रेतकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने शख्स को गिरफ्तार किया है। यह घटना मुर्शिदाबाद ज़िले के रघुनाथगंज थाना क्षेत्र के भटुपाड़ा इलाके में सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपित की पहचान गोलाब शेख के रूप में हुई है, जो भटुपाड़ा गांव का रहने वाला है और पहले से शादीशुदा है। वह कुछ दिनों पहले ही केरल से अपने गांव लौटा था, जहां वह एक प्रवासी मज़दूर के तौर पर काम करता था। छात्रा की आरोपित से पहचान लगभग एक महीने पहले हुई थी, जब दोनों के बीच एक फोन कॉल के ज़रिए बातचीत शुरू हुई। छात्रा अक्सर अपने पड़ोस की एक महिला का मोबाइल फोन इस्तेमाल कर गोलाब से घंटों बातें किया करती थी।
पुलिस जांच में पता चला है कि सोमवार को छात्रा ने गोलाब से मिलने की जिद की और उससे शादी की मांग करने लगी। लेकिन पहले से शादीशुदा और संतान वाले गोलाब ने उसे अपने घर ले जाने से इनकार कर दिया।
पुलिस का कहना है कि जब छात्रा देर रात तक गांव के एक खेत में ही बैठी रही और घर लौटने से मना कर दिया, तो गुस्से में आकर गोलाब ने पहले उसका गला दबाया और फिर धारदार हथियार से उसका गला काट दिया।
हत्या के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया था। लेकिन गुरुवार देर रात जंगीपुर स्टेशन के पास उसे पैसे लेने आते समय पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार दोपहर को उसे जंगीपुर महकमा अदालत में पेश किया गया, जहां से न्यायाधीश ने उसे 10 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
घटना का खुलासा तब हुआ जब मंगलवार सुबह एक खेत में छात्रा का अर्धनग्न शव मिला। पुलिस ने स्कूल रिकॉर्ड और परिवार से संपर्क कर उसकी पहचान की। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक पूछताछ में गोलाब ने हत्या की बात स्वीकार की है, हालांकि उसने बलात्कार के किसी भी आरोप से इनकार किया है।















