पंजाब में सीमावर्ती इलाके तरनतारन में पुलिस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई द्वारा प्रायोजित हथियार तस्करों का मॉड्यूल काबू किया है। पुलिस ने इस संबंध में दो लोगों को काबू किया है और उनसे छह अत्यधुनिक हथियार बरामद किए हैं। इनमें दो अत्याधुनिक पीएक्स5.30 पिस्तौल और चार 9एमएम ग्लॉक पिस्तौलें, जिनमें जिंदा कारतूस हैं, शामिल हैं।
आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। डीजीपी गौरव यादव ने एक्स पर जानकारी साझा की। तरनतारन के एसएसपी अभिमन्यु राणा के हवाले से डीजीपी ने कहा कि हमें सूचना मिली थी कि युवाओं का एक समूह आईएसआई प्रायोजित सीमा पार ड्रग्स और हथियारों के नेटवर्क का हिस्सा था… एक अभियान चलाया गया और लखना गांव के निवासी दो आरोपियों सूरज और अर्शदीप को गिरफ्तार किया गया।
हमने उनके पास से कुछ अत्याधुनिक हथियार बरामद किए। वे दो पाकिस्तानी तस्करों के संपर्क में थे और राजोके गांव से अपनी खेप उठाते थे, जहां ड्रोन के जरिए खेप भेजी जाती थी… पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति को बिगाडऩे के लिए इन हथियारों की तस्करी भारत में की जा रही थी, लेकिन पंजाब पुलिस सतर्क है। इस संबंध में गहनता से जांच की जा रही है।

















