तिरुवनंतपुरम, केरल । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में भारत माता की तस्वीर को लेकर विवाद खड़ा हो गया। कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे राज्य के कृषि मंत्री पी. प्रसाद ने मंच पर भारत माता की भगवा ध्वज वाली तस्वीर लगाए जाने पर आपत्ति जताते हुए कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर द्वारा उद्घाटन किए जाने वाले इस कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में पी. प्रशांत को आमंत्रित किया गया था। लेकिन कार्यक्रम शुरू होने से पहले ही मंच पर लगी भारत माता की तस्वीर को देखकर पी. प्रसाद ने हंगामा करना शुरू कर दिया, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया।
मंत्री पी. प्रसाद ने कार्यक्रम का बहिष्कार करते हुए कहा- मंच पर प्रदर्शित की गई तस्वीर आमतौर पर आरएसएस जैसे संगठनों के कार्यक्रमों में देखी जाती है और यह सार्वजनिक आयोजनों में प्रयुक्त होने वाली पारंपरिक तस्वीर नहीं है।
वहीं इस पूरे घटनाक्रम पर राज्यपाल आर्लेकर ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि राजभवन में आयोजित कार्यक्रमों में क्या प्रदर्शित किया जाएगा, यह तय करने का अधिकार राजभवन का है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत माता की तस्वीर नहीं हटाई जाएगी।
गौरतलब है कि राजभवन के सेंट्रल हॉल में अब कार्यक्रमों के दौरान भारत माता की तस्वीर लगाना और राष्ट्रगान गाना अनिवार्य कर दिया गया है। राज्य सरकार द्वारा कार्यक्रम रद्द किए जाने के बाद कृषि विभाग ने पर्यावरण दिवस समारोह को दरबार हॉल में स्थानांतरित कर दिया।
इधर, राजभवन में निर्धारित कार्यक्रम संपन्न हुआ, जिसमें राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने सिंधूर का पौधा लगाकर विश्व पर्यावरण दिवस का उद्घाटन किया।













