ऑफिस में काम करते समय अक्सर दोपहर के बाद या लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहने के कारण नींद आना एक सामान्य समस्या है। यह न केवल आपके काम की गुणवत्ता को प्रभावित करता है, बल्कि आपकी प्रोफेशनल इमेज पर भी असर डाल सकता है। अगर आपको भी ऑफिस में काम करते हुए नींद आती है, तो नीचे दिए गए टिप्स आपकी मदद कर सकते हैं-
सुबह का नाश्ता न छोड़ें
अच्छा और पौष्टिक नाश्ता आपके शरीर को ऊर्जा देता है और दिन की शुरुआत को बेहतर बनाता है। खाली पेट ऑफिस पहुंचने से शरीर थका-थका महसूस करता है और नींद आने की संभावना बढ़ जाती है।
हर घंटे कुछ मिनट चलें या स्ट्रेच करें
लगातार एक ही जगह बैठकर काम करने से शरीर सुस्त पड़ जाता है। हर घंटे में कम से कम 2-5 मिनट का ब्रेक लें। ज़रा सा टहलना या कुछ हल्का स्ट्रेच करना दिमाग को तरोताजा कर सकता है।
कैफीन का सही तरीके से इस्तेमाल करें
कॉफी या चाय में मौजूद कैफीन नींद भगाने में मददगार हो सकती है लेकिन इसका ज़्यादा सेवन आपके स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा सकता है। दिन में एक या दो कप कैफीनयुक्त पेय काफी होते हैं।
हाइड्रेटेड रहें
पानी की कमी भी थकान और नींद का कारण बन सकती है। दिन भर में पर्याप्त पानी पीते रहें। अगर संभव हो तो पानी की बोतल अपने डेस्क पर ही रखें।
यह भी पढ़ें-
मदद करने के बाद लोग क्यों बदल जाते हैं? जानिए प्रेमानंद जी महाराज से
हल्का भोजन करें
भारी और तैलीय भोजन करने से शरीर पर बोझ पड़ता है, जिससे दोपहर के बाद नींद महसूस होने लगती है। कोशिश करें कि लंच हल्का, पौष्टिक और संतुलित हो।
(इस लेख में दी गई जानकारी और सुझावों को अमल में लाने से पहले पाठक किसी डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें।)











