उत्तराखंड को हिमाचल से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग को चौड़ा करने का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि यह मार्ग विकास के नए रास्ते खोलेगा। देहरादून से पांवटा साहिब की दूरी करीब 50 किमी की है। अभी तक यह सिंगल रोड था, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, चंडीगढ़ से भारी ट्रैफिक आने के कारण इस मार्ग पर जाम लगा रहता था। हिमाचल और उत्तराखंड सरकार के अनुरोध पर इस मार्ग को फोर लेन में परिवर्तन किए जाने के लिए सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने इस प्रोजेक्ट को मंजूरी दी।
फोर लेन का कार्य अंतिम चरण में है और इस प्रोजेक्ट में यमुना नदी पर नया पुल भी बनाया गया है। ये मार्ग हिमाचल में पौंटा साहिब शहर के बाहर से निकलेगा और अगले प्रोजेक्ट में इसे नारायण गढ़ होते हुए पंचकूला चंडीगढ़ से जोड़ेगा।
जबकि उत्तराखंड में ये राष्ट्रीय मार्ग ऋषिकेश अंबाला हाईवे का हिस्सा है और इसे दिल्ली देहरादून के बीच बन रहे नए हाईवे को भी लिंक करेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि इस मार्ग के बन जाने से हिमाचल उत्तराखंड के साथ साथ अन्य राज्यों के वाहन चालकों को फायदा मिलेगा और इससे विकास के नए मार्ग भी प्रशस्त होंगे।

















