सीएम पुष्कर सिंह धामी ने वक्फ बोर्ड संशोधन विधेयक के संसद में पारित होने के बाद कहा है कि यह विधेयक पारदर्शिता, न्याय और सभी नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार सुशासन और न्यायिक सुधारों को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
सीएम धामी ने कहा कि इस विधेयक का उद्देश्य वक्फ संपत्तियों के प्रबंधन में पूर्ण पारदर्शिता, कानूनी स्पष्टता और न्यायिक संतुलन स्थापित करना है। सीएम धामी ने यह भी कहा कि यह विधेयक किसी विशेष समुदाय के खिलाफ नहीं बल्कि सभी नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए लाया गया है। इसके कार्यान्वयन से झूठे और अवैध दावों पर रोक लगेगी, जिससे भूमि और संपत्ति से संबंधित विवादों का उचित समाधान हो सकेगा। इससे यह भी सुनिश्चित होगा कि वक्फ संपत्तियों का दुरुपयोग न हो तथा उनका उपयोग समाज के व्यापक हित में किया जाए।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने भी संसद में वक्फ बोर्ड विधेयक पारित होने पर कहा है कि यह ऐतिहासिक दिन है और इससे देश के अल्पसंख्यक मुस्लिम समुदाय के गरीब तबके को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी सबका साथ और सबका विकास चाहते हैं।

















