कल केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह द्वारा संसद में आतंकवाद के खिलाफ सख्ती की बात कहे जाने के तुरंत बाद आज पंजाब पुलिस ने अजनाला थाने पर हमले केे आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। कल अमित शाह ने संसद में आतंकवाद के खिलाफ जीरो टोलरेंस की नीति की चर्चा हुए कहा था कि भिण्डरांवाला बनने चले लोग आज जेल में बंद हैं।
अमित शाह का इशारा खालिस्तान समर्थक निर्दलीय सांसद अमृतपाल व उसके साथियों की ओर था, जो विभिन्न जेलों में बंद हैं। आज पंजाब के फरीदकोट जिले के गांव पंजगराई कलां में वारिस पंजाब दे संस्था से जुड़े अमनदीप सिंह अमना के घर अजनाला पुलिस ने दबिश दी और उसे हिरासत में लेकर गई। असम की डिब्रूगढ़ जेल से सांसद अमृतपाल सिंह के सात साथियों को पंजाब लाए जाने के बाद अजनाला थाने पर हमले मामले में धरपकड़ शुरू की गई है।
पंजगराई कलां का अमनदीप अमना सडक़ दुर्घटना में मारे गए दीप सिद्धू के समय से वारिस पंजाब दे संस्था से जुड़ा हुआ है। पुलिस को अजनाला थाने में हमले के मामले में उसकी शमूलियत की आशंका है। ज्ञात रहे कि अमृतपाल और उसके साथी भी अजनाला थाने पर हमले के आरोप में कानूनी कार्रवाईयों का सामना कर रहे हैं।

















