तमिलनाडु में मंदिर से मूर्तियों की चोरी करने के आरोप में 50 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पता चला है कि आरोपी मंदिरों से मूर्तियों की चोरी करके उसे कहीं बाहर बेचते थे।
द न्यू इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी मयिलादुथुराई गांव का रहने वाला है। उसकी पहचान ए मुथुलिंगम (50) के तौर पर हुई है। बताया जाता है कि ए मुथुलिंगम 1994 से पलाकोड और करीमंगलम में अम्मान मंदिरों से पंचधातु की मूर्तियां चोरी की थी। आरोपी मूर्तियां चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य था। इस मामले में 2004 में पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया था। लेकिन जांच के दौरान ही 4 लोगों की मौत हो गई थी।
वहीं मुथुलिंगम समेत चार अन्य को कई साल तक जेल में रहने के बाद जमानत दे दी गई थी। जमानत मिलते ही मुथुलिंगम विदेश भाग गया। इस दौरान उसने खुद को कुछ इस तरह से छिपा लिया, कि उसके ठिकानों की पता ही नहीं चल सका। करीब एक सप्ताह पहले करीमंगलम पुलिस को इंटेलीजेंस इनपुट मिले थे कि आरोपी पोंगल मनाने के लिए वापस अपने परिवार के पास आया है।
बस फिर क्या था पुलिस ने जाल बिछाया और उसे मनालमेडु से गिरफ्तार कर लिया। एसआई अनंतकुमार के अनुसार, आरोपी देश छोड़ने के बाद से अपने पासपोर्ट के जरिए सिंगापुर, दुबई और अन्य देशों में रहा। लेकिन, अब उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

















