नई दिल्ली। गुजरात टी प्रोसेसर्स एंड पैकर्स लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक पराग देसाई का गुजरात के अमदाबाद के एक निजी अस्पताल में रविवार देर रात निधन हो गया। 49 वर्षीय देसाई वाघ बकरी समूह के कार्यकारी निदेशक थे।
गुजरात टी प्रोसेसर्स एंड पैकर्स लिमिटेड अपने प्रतिष्ठित ब्रांड ‘वाघ बकरी चाय’ के लिए ज्यादा लोकप्रिय है। वाघ बकरी समूह की स्थापना वर्ष 1892 में नारनदास देसाई ने की थी। अपना फैमिली बिजनेस को संभालने वाले पराग देसाई का अमदाबाद के एक निजी अस्पताल में देर रात निधन हो गया।
देसाई परिवार के करीबी सूत्रों ने सोमवार को बताया कि पराग देसाई 15 अक्टूबर को मार्निंग वॉक के दौरान दुर्घटना का शिकार हो गए थे। इस दौरान उनके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उनका ब्रेन हेमरेज हो गया। इसके बाद तुरंत उनकी सर्जरी की गई और वे पिछले सात दिनों से वेंटिलेटर पर थे।
आवारा कुत्तों ने किया था हमला
पराग देसाई पिछले हफ्ते अमदाबाद में सुबह की सैर पर निकले थे। इस दौरान आवारा कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। खुद को बचाने में वह फिसलकर गिर गए और उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गया था।
ग्रुप को टॉप 3 में जगह दिलाई
पराग देसाई वाघ बकरी ग्रुप में चौथी पीढ़ी के उद्यमी थे। उन्होंने इस ग्रुप को देश की टॉप 3 चाय कंपनियों में जगह दिलाई। वर्ष 1995 में जब वह कंपनी में शामिल हुए तो इसकी वैल्यू करीब 100 करोड़ रुपये थी और आज कंपनी का बिजनेस करीब 2,000 करोड़ रुपये का है। इस कंपनी का कारोबार 24 राज्यों और 60 देशों में है।











