यूपी में गांवों को सुरक्षित करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार विशेष अभियान शुरू कर दिया है। प्रदेश के सभी 97 हजार गांवों में कोविड टेस्टिंग का वृहद अभियान संचालित किया जा रहा है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 4 मई से व्यापक स्तर पर टेस्टिंग अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं. स्वास्थ्य विभाग ने इस संबंध में सभी जरूरी तैयारी पूरी कर ली है. टेस्ट करने की क्षमता बढ़ा दी गई है. निगरानी समितियों से सहायता ली जा रही है. टेस्ट में जो लोग कोविड पाजिटिव पाए जायेंगे या फिर किसी और कारण से अस्वस्थ होंगे. उन्हें मेडिकल प्रोटोकॉल के अनुसार उपचार दिया जाएगा. मेडिकल टीम आवश्यकता पड़ने पर मरीज को अस्पताल में भर्ती करायेगी अथवा कोविड पाजिटिव मरीज को क्वारन्टीन किया जायेगा. कोरोना संक्रमित की स्थिति को देखते हुए होम आइसोलेशन में रहने की सलाह भी दी जायेगी. होम आइसोलेशन में रहने वाले संक्रमित मरीज को मेडिकल किट उपलब्ध कराई जायेगी.
उल्लेखनीय है कि दिल्ली, महाराष्ट्र, राजस्थान, हरियाणा, छत्तीसगढ़ में पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा के बाद से प्रवासी श्रमिकों की वापसी तेज हो गई है. ऐसे में गांवों में विशेष सतर्कता की जरूरत है. यूपी में अब तक 4 करोड़ 17 लाख टेस्ट हो चुके हैं. कोविड टेस्टिंग के महत्व को देखते हुए उत्तर प्रदेश हर दिन टेस्टिंग को विस्तार दे रहा है. 4 करोड़ 17 लाख कोविड टेस्ट करने के साथ यूपी टेस्टिंग में नम्बर एक पर है
web desk











