|
जयपुर में 3 नवंबर को 'महाव्रती कर्मयोगी प्रचारक सोहन सिंह' पुस्तक का लोकार्पण हुआ। लोकार्पणकर्ता थे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख श्री सुरेश चन्द्र। संघ के वरिष्ठ प्रचारक रहे स्व. सोहन सिंह जी के जीवन पर लिखी इस पुस्तक का संपादन वरिष्ठ पत्रकार गोपाल शर्मा ने किया है।
इस अवसर पर श्री सुरेश चन्द्र ने बताया कि सोहन सिंह जी 1973 में हरियाणा से राजस्थान आए और फिर दिल्ली तक संघ के विभिन्न दायित्वों का लगभग चार दशक तक निर्वहन किया। उन्होंने अपना सम्पूर्ण जीवन संघ कार्य के माध्यम से भारत माता के चरणों में समर्पित कर दिया था। उनका जीवन कठोर अनुशासन के साथ वात्सलय भाव से भरा था। उनका रोम-रोम राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित था। उन्होंने यह भी कहा कि सोहन जी ने राजस्थान में संघ कार्य को दृढ़ता प्रदान की, संघ कार्य को व्यवस्थित किया तथा गांव-गांव और शहरों में मंडल स्तर तक संघ कार्य का विस्तार करने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने 1985 में राजस्थान सीमा पर बढ़ रही पाक घुसपैठ और तस्करी से निपटने के लिए सीमा जन कल्याण समिति का गठन किया। लोकार्पण से पूर्व पुस्तक के संपादक और वरिष्ठ पत्रकार गोपाल शर्मा ने सोहन सिंह जी पर लिखी इस पुस्तक के अनुभवों को साझा किया। प्रतिनिधि











