| दिंनाक: 08 Nov 2014 15:45:26 |
|
बंगलादेशी आतंकी संगठन जमात-उल-मुजाहिदीन बंगलादेश (जेएमबी)असम में महिला आतंकी संगठन के पांव जमाना चाहता है। बर्द्धमान विस्फोट के बाद जेएमबी से जुड़े सात संदिग्धों को असम पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। यही नहीं आतंकी असम के युवाओं को जिहाद के नाम पर भ्रमित कर आतंकी प्रशिक्षण के लिए बंगलादेश भी भेज रहे हैं।
असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई ने स्वयं बंगलादेशी आतंकी संगठन द्वारा असम में पांव जमाने की बात का खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि जेएमबी अब असम में महिला आतंकी संगठन को मजबूती के साथ स्थापित करना चाहता है। इसके लिए जिहाद के नाम पर युवाओं को बरगला कर आतंकी प्रशिक्षण भी बंगलादेश में दिया जा रहा है। इसके तहत असम के बारपेटा जिले में जिहादी सक्रिय होकर युवाओं को अपने साथ शामिल कर रहे हैं। इसी जिले के सात युवकों को असम पुलिस बर्द्धमान विस्फोट से तार जुड़ने के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है। विस्फोट की जांच में जुटी एनआईए भी खुलासा कर चुकी है बर्द्धमान विस्फोट में लिप्त 12 वांछितों में से एक शाहनूर आलम भी बारपेटा के चटाला गांव का रहने वाला है। उस पर पांच लाख रुपए के इनाम की भी घोषणा की जा चुकी है। -प्रतिनिधि