|
'देश को आजाद हुए 65 वर्ष हो गये लेकिन देश में सभी प्रकार की समस्याएं जस की तस बनी हुयी हैं। इन सभी समस्याओं का समाधान तभी संभव है, जब देश की सज्जन शक्ति एकजुट होगी। देश में व्याप्त भ्रष्टाचार की दोषी हमारी शिक्षा प्रणाली है। जिसने देश की नई पीढ़ी को नैतिक शिक्षा व महापुरुषों के जीवन परिचय से दूर रखा, जिसका नतीजा है कि देश में आये दिन घोटालों का पर्दाफाश हो रहा है'। उक्त उद्गार रा.स्व.संघ के सरसंघचालक श्री मोहनराव भागवत ने गत 23 नवंबर को कानपुर (उ.प्र.) में प्रबुद्ध नागरिकों को सम्बोधित करते हुए व्यक्त किए।
श्री भागवत ने कहा कि संघ का स्वयंसेवक अपनी रुचि के अनुसार किसी भी क्षेत्र में कार्य करने के लिए स्वतंत्र है। ऐसे बहुत से संगठन हैं जिनमें संघ के स्वयंसेवक कार्य कर रहे हैं। जिन संगठनों में स्वयंसेवक प्रभावशाली होते हैं उनमें संघ के विचारों का प्रतिबिम्ब दिखता है।
श्री भागवत ने कहा कि देश का युवा संघ की ओर आकर्षित हो रहा है। वह अनेक प्रकल्पों के माध्यमों से संघ विचारधारा से जुड़ रहा है। युवाओं को जहां अच्छा दिखता है, वे वहां पहुंच जाते हैं। देश के कई महानगरों में रात्रि शाखाओं में युवा बड़ी संख्या में आ रहे हैं। विद्यार्थी शाखायें बढ़ रही हैं।
श्री भागवत के उद्बोधन के बाद प्रबुद्ध नागरिकों ने सरसंघचालक से अनेक प्रश्न भी पीछे। पूर्वोत्तर से जुड़े एक प्रश्न का उत्तर देते हुये उन्होंने कहा कि वहां घुसपैठियों का राजनीतिक दल वोटों के लालच में समर्थन कर रहे हैं जिसके कारण समस्या और विकराल होती जा रही है।
अयोध्या में श्रीराम मन्दिर निर्माण के संबंध में पूछे गये प्रश्न का उत्तर देते हुये उन्होंने कहा कि श्रीराम मन्दिर पर कोई भी निर्णय संतों की उच्चाधिकार समिति करती है। अयोध्या में राम मन्दिर बनाने के लिये संसद में कानून बनना आवश्यक है। इसके लिये जनजागरण करना होगा। उन्होंने संभावना व्यक्त की कि प्रयाग के कुम्भ में इस पर कुछ निर्णय हो सकता है। संत समाज इस पर जो भी निर्णय लेगा, संघ पूरी ताकत से इसमें सहयोग करेगा। कार्यक्रम में श्री भागवत के साथ मंच पर पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्र संघचालक श्री ईश्वर चन्द्र, प्रान्त संघचालक श्री वीरेन्द्र व कार्यक्रम के अध्यक्ष श्री के. बी. अग्रवाल भी आसीन थे। इस अवसर पर क्षेत्र प्रचारक श्री शिवनारायण, प्रान्त प्रचारक श्री आनन्द, प्रान्त कार्यवाह श्री ज्ञानेन्द्र सचान समेत सैकड़ों प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे। आभार ज्ञापन विभाग संघचालक श्री अर्जुन दास ने किया। कार्यक्रम का समापन वन्देमातरम के साथ हुआ। दहिन्दुस्थान समाचार











