| दिंनाक: 08 Jul 2005 00:00:00 |
|
नक्सल प्रभावितों को जमीन और मकानछत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह की ओर से राज्य के नक्सल प्रभावित दक्षिण बस्तर (दंतेवाड़ा) जिले के विकास के लिए लगभग 36 करोड़ रुपए के विशेष पैकेज की घोषणा की गई है। गत 25 जुलाई को जन-जागरण अभियान “सलवा जुडुम” के तहत प्रखण्ड मुख्यालय, भैरमगढ़ में आयोजित वनवासियों के एक विशाल सम्मेलन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी राज्यमंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री श्री केदार कश्यप ने मुख्यमंत्री की ओर से इस पैकेज की घोषणा की। इस अवसर पर एक नक्सली संगठन के 117 सदस्यों ने आत्मसमर्पण करके समाज की मुख्यधारा में लौटने का संकल्प लिया। इसके साथ ही भैरमगढ़, बीजापुर तथा उसूर विकासखण्डों में से प्रत्येक में गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले एक हजार परिवारों को बैलों की एक जोड़ी देने की घोषणा की गई। नक्सली हिंसा से प्रभावित 20 परिवारों को प्रति परिवार 27 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी दी गई। पैकेज के अनुसार दक्षिण बस्तर जिले के भैरमगढ़ सहित विभिन्न नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 10 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत से 26 आश्रम स्कूल भवन, 8 करोड़ 74 लाख रुपए की लागत से 24 वनवासी छात्रावास भवन, 3 करोड़ 68 लाख रुपए की लागत से 6 “प्री मैट्रिक” छात्रावास भवन और एक करोड़ 28 लाख रुपए की लागत से 3 “पोस्ट मैट्रिक” छात्रावास भवनों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा एक करोड़ रुपए की लागत से आंगनबाड़ी भवन का निर्माण होगा, 200 ग्रामीण बसावटों में स्वच्छ पेयजल के लिए एक करोड़ रुपए खर्च करके हैण्डपम्प लगाए जाएंगे।NEWS