जयपुर: मानसून की विदाई होने वाली है। लेकिन अभी भी कई राज्यों में भीषण बारिश हो रही है। मानसून की इस विदाई से पहले 15 सितंबर को 22 राज्यों में मूसलाधार बारिश की संभावना का अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में राजस्थान भी शामिल है।
मौसम विभाग का कहना है कि 15 सितंबर को राजस्थान में भारी बारिश की संभावना है। यहां के 14 जिलों में बारिश हो सकती है। इनमें करौली, दौसा, भरतपुर, टोंक, पाली, बाड़मेर, सवाई माधोपुर, कोटा, चुरू, धौलपुर, जयपुर, उदयपुर, चित्तौड़गढ़ और डूंगरपुर शामिल हैं। बारिश के साथ ही मौसम विभाग ने तेज हवा चलने का भी अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि इस दौरान सूबे के कई राज्यों में 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। 15 सितंबर को जयपुर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
एक नए मौसमी तंत्र के सक्रिय होने के कारण राजस्थान के कई हिस्सों में बीते 24 घंटे में मध्यम से भारी बारिश हुई है। सोमवार सुबह तक के 24 घंटों के दौरान राज्य के बांसवाड़ा, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़ व सलूम्बर जिले में कहीं कहीं मध्यम से भारी बारिश हुई। इस दौरान सबसे अधिक बारिश लोहारिया (बांसवाड़ा) व सागवाड़ा (डूंगरपुर) में 109.0 मिलीमीटर दर्ज की गई। इसके अलावा जयपुर, अलवर, कोटपुतली बहरोड़, खैरथल तिजारा, भीलवाड़ा, कोटा, बारां व झालवाड़ जिलों में कई जगह हल्की से मध्यम वर्षा हुई।















