रांची। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा JPSC-JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं के विरोध एवं विद्यार्थियों की मांगों के समर्थन में मंगलवार को रांची में शांतिपूर्ण तरीके से विधानसभा घेराव किया गया। विधानसभा की ओर शांतिपूर्ण मार्च कर रहे एबीवीपी कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
विधानसभा घेराव के दौरान अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय मंत्री अभय प्रताप सिंह, झारखंड प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी सहित 200 से अधिक अभाविप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया। अभाविप ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज और गिरफ्तारी की कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों के विरुद्ध बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
निष्पक्ष जांच की मांग
एबीवीपी ने कहा कि JPSC-JSSC परीक्षाओं में अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच, संदिग्ध परीक्षाओं को निरस्त कर पारदर्शी प्रक्रिया के तहत पुनः परीक्षा कराने तथा परीक्षा व्यवस्था में आवश्यक तकनीकी, प्रशासनिक एवं संस्थागत सुधारों की मांग को लेकर आंदोलन जारी रहेगा। विद्यार्थियों की आवाज को लाठीचार्ज और गिरफ्तारियों के माध्यम से दबाया नहीं जा सकता। विद्यार्थियों के अधिकारों और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था के लिए अपना लोकतांत्रिक संघर्ष जारी रहेगा।













