
मुस्लिम महिला
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में हलाला का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर शाहनवाज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का आरोप है कि तलाक देने के बाद जब उसने अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई तो ससुराल वालों ने उसको हलाला करने पर बाध्य किया। उसकी असहमति होने के बावजूद शाहनवाज ने हलाला के नाम पर जबरदस्ती की और मारपीट भी की।
जानकारी के अनुसार तीन साल पहले बिजनौर के किरतपुर थाना क्षेत्र में रहने वाले मुजम्मिल के साथ पीड़ता का निकाह हुआ था। शादी के करीब तीन साल बाद पीड़िता का मुजम्मिल से विवाद हो गया। इस पर मुजम्मिल ने पीड़िता को तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। आरोप है कि ससुराल में उसे प्रताड़ित किया जाता था। गाली गलौज, मारपीट एवं गर्भावस्था में दवा पिलाने का भी प्रयास किया गया था। तलाक हो जाने के बाद पीड़िता अपने मायके में रह रही थी। बातचीत के माध्यम से जब सुलह हो गई तो वह अपने पति के साथ रहने को राजी थी। मगर ससुराल वालों की तरफ से हलाला की शर्त रखी गई। पीड़िता का कहना है कि ससुराल में उसके पति मुजम्मिल के रिश्तेदार शाहनवाज ने हलाला के नाम पर जबरदस्ती कोशिश की और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की।
पुलिस का कहना है कि गत 14 अक्टूबर को पीड़िता ने तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया और 16 अक्टूबर को शाहनवाज को गिरफ्तार कर लिया गया। अन्य अभियुक्तों की तलाश की जा रही है।