पंजाब

पंजाब के मुख्यमंत्री के दफ्तर में सीबीआई ने मारा छापा, भ्रष्टाचार मामले में एक साथ कई स्थानों पर दबिश

हाई कोर्ट ने दिए थे जांच के आदेश, सरकार ने खटखटाया सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा

Published by
राकेश सैन

भ्रष्टाचार के मामले में पंजाब में सीबीआई ने मंगलवार को एक साथ कई जगहों पर दबिश दी। सीबीआई की टीम चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस 50 नंबर कोठी पहुंची तो मोहाली के फेज-11 में एक आईएएस अधिकारी के घर पर भी टीम ने दबिश दी। इसके अलावा संगरूर के घराचों समेत पंजाब में अन्य स्थानों पर भी सीबीआई की कार्रवाई की सूचना है। एक साथ कई ठिकानों पर हुई इस कार्रवाई से साफ है कि पंजाब में अब सीबीआई का जांच का दायरा बढ़ रहा है और कई ठिकाने उसकी रडार पर हैं।

हाई कोर्ट ने दिए थे जांच के आदेश

यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब पंजाब सरकार हाई कोर्ट के सीबीआई जांच के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुकी है। दो दिन पहले ही पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट ने मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े कथित भ्रष्टाचार के मामले में सीबीआई को जांच आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे।

सरकार ने खटखटाया है सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा

हाई कोर्ट के आदेश के बाद पंजाब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में स्पेशल लीव पिटिशन दाखिल की है। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट ने एसएलपी को मेंशनिंग के लिए स्वीकार किया और जल्द सुनवाई होने की संभावना है। इसी बीच सीबीआई की पंजाब में अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई को बेहद अहम माना जा रहा है।

50 नंबर कोठी में पहुंची सीबीआई टीम

चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के कैंप ऑफिस के तौर पर इस्तेमाल हो रही 50 नंबर कोठी में सीबीआई टीम के पहुंचने की सूचना से मामला और संवेदनशील हो गया है।

आईएएस अधिकारी के घर दबिश

सीबीआई की टीम ने मोहाली के फेज-11 में एक आईएएस अधिकारी के घर पर भी दबिश दी है। इसके अलावा संगरूर के घराचों में भी सीबीआई की टीम के पहुंचने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, सीबीआई की ओर से अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि सभी स्थानों पर हुई कार्रवाई एक ही मामले से संबंधित है या अलग-अलग मामलों से। और विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है।

 

Share

Recent News