पंजाब को दहलाने की पाकिस्तानी कोशिश को अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने नाकाम कर दिया है। पुलिस ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की तस्करी के नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। हथियारों की खेप बरामद करने के साथ ही तस्कर को भी गिरफ्तार किया है।
डीजीपी पंजाब गौरव यादव ने बताया कि अमृतसर रूरल पुलिस ने AK 47 राइफल, मैगजीन, भारी मात्रा में कारतूस और दो हैंड ग्रेनेड बरामद किए हैं। AK-47 और हैंड ग्रेनेड का मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं।
आरोपी की हुई पहचान
गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान बब्बा पुत्र भोला सिंह (निवासी चीमा खुर्द थाना सराए अमानत खां जिला तरनतारन) के तौर पर हुई है। मामले की शुरुआती जांच में विदेशी ताकतों के लिंक सामने आए हैं। आरोपी विदेश में बैठे देश-विरोधी ताकतों के संपर्क में था।
पाकिस्तान से आयी खेप
शुरुआती जांच में स्पष्ट हुआ है कि यह खेप पाकिस्तान से भारत भेजी गई थी। इस रिकवरी के बाद अमृतसर के घरिंडा पुलिस स्टेशन में आरोपी के खिलाफ असला एक्ट (आर्म्स एक्ट) और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

















