जयपुर: मौसम विभाग ने राजस्थान के लिए 25 सितंबर का अलर्ट जारी किया है। 25 सितंबर को राजस्थान में बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को राजस्थान के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। यहां के करौली, जयपुर, उदयपुर, चुरू, बारां, सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा, दौसा, भरतपुर, बाड़मेर, भीलवाड़ा, जैसलमेर, अलवर, जालौर और झालावाड़ में मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में मूसलाधार बारिश के साथ तेज हवा का अलर्ट
इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चलेंगे। वहीं, जयपुर में कल यानी 25 सितंबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहेगा तो न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस पहुंचेगा। हालांकि राजस्थान में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई शुरू हो गई है। धीरे-धीरे अब पहले के मुकाबले बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग के अधिकांश जिलों में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। तेज धूप के कारण तापमान में करीब 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। दिन के समय गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है।
जैसलमेर, बाड़मेर और बीकानेर जैसे सीमावर्ती इलाकों में गर्मी का असर अपेक्षाकृत अधिक रहने की संभावना है। हाल के दिनों में जैसलमेर में अधिकतम तापमान 41.5 से 42.9 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। इससे पहले मौसम विभाग ने 24 सितंबर को राजस्थान में बारिश का अलर्ट जारी नहीं किया था।















