
जयपुर: राजस्थान में मानसून अब विदाई की ओर है। बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ गई हैं। मंगलवार को सूबे के पश्चिमी हिस्सों में गर्मी का असर ज्यादा रहा। जैसलमेर में अधिकतम तापमान 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीकानेर में 40.6 और बाड़मेर में 40.4 डिग्री तापमान रहा। चूरू में भी पारा 39.6 डिग्री तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के 22 सितंबर के पूर्वानुमान के अनुसार, 23 से 28 सितंबर तक पश्चिमी और पूर्वी राजस्थान में किसी तरह की मौसम चेतावनी नहीं है। यानी इस दौरान व्यापक बारिश की गतिविधि की संभावना कम है। आने वाले दिनों में भी दिन के तापमान में बढ़ोतरी या उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर और जोधपुर जैसे पश्चिमी जिलों में गर्मी का असर ज्यादा महसूस हो सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, बारिश की गतिविधियां कम होने और उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से वातावरण में नमी घट रही है। जयपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 36.2 डिग्री और न्यूनतम 25.6 डिग्री सेल्सियस रहा। कोटा में अधिकतम तापमान 34.9, अजमेर में 36.2, अलवर में करीब 38 और जोधपुर में 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सीकर में भी अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री रहा। बारिश रुकने के साथ पश्चिमी राजस्थान में गर्म और शुष्क मौसम का असर बढ़ने लगा है। अब मानसून की विदाई के साथ कई जिलों में बारिश की उम्मीद और कम हो गई है।