फरीदपुर: बांग्लादेश में धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए हैं। फरीदपुर शहर के प्रसिद्ध उत्तर कालीबाड़ी मंदिर में चोरों ने रात के समय चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से मां काली की प्रतिमा के साथ सोने-चांदी के आभूषण और कई अन्य धार्मिक प्रतिमाएं भी ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय हिंदू समुदाय में नाराजगी देखी जा रही है। मंदिर प्रबंधन के मुताबिक, चोरी शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे से रविवार सुबह पौने 6 बजे के बीच हुई। सुबह मंदिर खोला गया तो वहां सामान बिखरा हुआ था। जांच करने पर पता चला कि मां काली की मुख्य प्रतिमा समेत कई सामान गायब हैं।
सीसीटीवी बंद, जांच में जुटी पुलिस
मंदिर के पुजारी देबी प्रसाद चक्रवर्ती ने बताया कि चोरी हुई मां काली की प्रतिमा कष्टिपत्थर की बनी थी और इसका वजन करीब 20 किलोग्राम था। प्रतिमा सफेद संगमरमर की शिव प्रतिमा के ऊपर स्थापित थी। इसके अलावा प्रतिमा पर चढ़े करीब 7 से 8 तोले सोने के आभूषण भी चोर ले गए। चोर भगवान विष्णु, राधा-कृष्ण और मां मनसा की पीतल की छोटी प्रतिमाएं भी अपने साथ ले गए। शिवलिंग पर लिपटा चांदी का नाग भी चोरी हुआ है।
इस घटना में सबसे चिंता की बात यह रही कि मंदिर के सीसीटीवी कैमरे उस समय काम नहीं कर रहे थे। इससे चोरों की पहचान करना पुलिस के लिए मुश्किल हो गया है। पुलिस ने मंदिर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और चोरी हुए सामान की तलाश की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंदिर में हुई चोरी से समुदाय के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने से पहले यह कहना मुश्किल है कि चोरी के पीछे सिर्फ कीमती सामान हासिल करना मकसद था या कोई दूसरा कारण भी था। फिलहाल पुलिस का ध्यान आरोपियों की पहचान और चोरी हुए सामान की बरामदगी पर है।

















