हाल ही में पंजाब पुलिस ने पंजाब के अमृतसर जिले में ASI हरजीत सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी का एनकाउंटर कर दिया है। एनकाउंटर के दौरान आरोपी को गोली और अस्पताल ले जाते समय उसकी रस्ते में ही मौत हो गई। आरोपी की पहचान अमृतसर के मुले चक गांव के रहने वाले दीपक सिंह के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि एक आरोपी अंधेरा का फायदा उठाकर फरार हो गया।
आरोपियों ने पुलिस नाके पर भी की फायरिंग
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस कमिश्नर ने बताया कि 18 सितंबर को एएसआई हरजीत सिंह की हत्या के बाद से ही पूरा पुलिस महकमा इस मामले को सुलझाने में जुटा हुआ था। शनिवार दोपहर से ही शहर और आसपास के इलाकों में रेड अलर्ट जारी कर सघन नाकाबंदी की गई थी। पुलिस को पुख्ता इनपुट मिले थे कि संदिग्ध इलाके में घूम रहे हैं और किसी अन्य टारगेट की तलाश में हैं। इसी दौरान जब पुलिस ने तरनतारन के थांदा रोड नाके पर एक स्कूटी पर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस पार्टी पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी।
बाल बाल बचा एक और जवान
पुलिस अधिकारी के अनुसार, वारदात के बाद जब पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो आरोपियों ने एक स्थान पर स्कूटी खड़ी करके पुलिस पर फिर से गोलियां चलानी शुरू कर दीं। हमलावरों की ओर से चलाई गई चार गोलियों में से दो पुलिस की गाड़ी पर लगीं, जबकि एक गोली सीआईए (सीआईए) के जवान की छाती पर लगी। राहत की बात यह रही कि जवान ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उसकी जान बच गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में 6 राउंड जवाबी फायर किए, जिसमें एक हमलावर को गोली लगी। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया और डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पाकिस्तान का लिंक सामने आया
प्रारंभिक आधार कार्ड और जांच के अनुसार आरोपी की उम्र लगभग 25 से 28 वर्ष आंकी गई। अंधेरे का लाभ उठाकर भागे दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर ने सनसनीखेज खुलासा किया कि इस पूरी साजिश की डोर सीमा पार पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स से जुड़ी हुई है। पाकिस्तानी हैंडलर ने पंजाब के इन युवाओं को पैसों और नशे के व्यापार में हिस्सेदारी का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया था। कमिश्नर ने बताया कि पाकिस्तान में बैठे आकाओं द्वारा युवाओं से बाकायदा अपने ‘वफादार’ होने का प्रमाण मांगा जाता है। इसी के चलते वे अकेले पुलिसकर्मियों को टारगेट करवाते हैं। पुलिस फरार आरोपी की गहनता से तलाश कर रही है।
















