उत्तराखंड

उत्तराखंड: चारधाम यात्रा में 50 लाख श्रद्धालुओं का रिकॉर्ड, नीम करोली बाबा के स्थलों को जोड़ने पर UP से बातचीत

उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया इस साल अब तक केदारनाथ में 14 लाख 90 हजार 513 श्रद्धालु कर चुके हैं दर्शन

Published by
उत्तराखंड ब्यूरो

देहरादून । पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने चारधाम यात्रा के आंकड़े जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 50 लाख से ज्यादा श्रद्धालु चारधाम और हेमकुंड साहिब के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने नीम करौली बाबा के नाम पर नया धार्मिक सर्किट बनाने का ऐलान किया है, जिसके लिए उन्होंने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी बात की है।

सतपाल महाराज ने बताया  कि इस साल, यमुनोत्री में 6 लाख 98 हजार 332, गंगोत्री में 7 लाख 79 हजार 684, केदारनाथ में 14 लाख 90 हजार 513, बद्रीनाथ में 17 लाख 17 हजार 923, हेमकुंड साहिब में 3 लाख 15 हजार 261, कुल 50 लाख 1 हजार 713 दर्शनार्थियों ने दर्शन लाभ प्राप्त किया है और हमारी यात्रा सुचारू चल रही है।

उन्होंने कहा कि अभी हमने निर्णय लिया है कि नीम करौली बाबा जी का जिनका कैंची धाम में भव्य आश्रम है, उनके काकड़ी घाट, ऋषिकेश और जहां-जहां उत्तराखंड में उन्होंने निवास किया उनका एक सर्किट बनाएंगे। इस संबंध में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी से भी बात की है कि मथुरा, लखनऊ सहित अन्य स्थानों को मिलाकर यूपी और उत्तराखंड का संयुक्त नीम करौली दर्शन सर्किट बनाया जाए। इससे धार्मिक पर्यटन को विस्तार मिलेगा।

सर्किट से ये स्थल जुड़ेंगे

नीम करौली बाबा सर्किट के तहत कैंची धाम, काकड़ी घाट, ऋषिकेश के साथ-साथ यूपी के मथुरा और लखनऊ के हनुमान मंदिर जैसे स्थलों को जोड़ा जाएगा, जहां बाबा ने साधना की थी।

 

Share