उत्तर प्रदेश के शामली जनपद में पुलिस ने बिजली का तार चोरी करने वाले गैंग के तीन चोरों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 22 बंडल बिजली का तार, एक टाटा पिकअप और कुछ नगद रूपए बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने बिजली का तार चोरी करने वाले नदीम, साजिद और अब्दुल को गिरफ्तार किया है। इन तीनों अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि बिजली विभाग में ठेकेदारी करने वाला आबिद जो कि मेरठ का रहने वाला है। वो, इन लोगों से मिला हुआ था। जिस क्षेत्र में वह बिजली के तार लगाता था उसकी सूचना इन लोगों को दे देता था। बिजली का तार लगाने के बाद शाम को जब काम खत्म हो जाता था। उसके बाद नदीम, साजिद और अब्दुल ये तीनों पहुंच करके रात में बिजली का तार चोरी कर लाते थे।
पुलिस ने बताया कि शामली जनपद में 17 जुलाई , 24 जुलाई, 19 अगस्त को और 1 सितंबर को विद्युत पोल से बिजली का तार चोरी किया गया। गत 6 सितंबर को नलकूप के सामने से बिजली का तार चोरी किया गया। लगातार बिजली के तार चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने टीम गठित किया।
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि चोरी किए गए तार को कबाड़ियों को बेच देते थे। पुलिस ने बताया कि तीनों अभियुक्तों के खिलाफ बाबरी थाने में चोरी और अन्य धाराओं में छह मुकदमे दर्ज हैं।











