बिजनेस

Gold Silver Rate Today: सोने-चांदी के दाम में बड़ी गिरावट, जानिए आज का ताजा भाव

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत इस हफ्ते 4,694 रुपये प्रति 10 ग्राम कम हुई है।

Published by
Mahak Singh

शादी-ब्याह का सीजन आने वाला है और ऐसे में सोना-चांदी खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए राहत की खबर है। इस कारोबारी हफ्ते दोनों कीमती धातुओं की कीमतों में अच्छी गिरावट देखने को मिली है। सोने का भाव जहां करीब 4,000 रुपये से ज्यादा नीचे आया है, वहीं चांदी भी 8,000 रुपये से अधिक सस्ती हुई है। लगातार बढ़ती कीमतों के बीच आई इस गिरावट से गहने खरीदने वालों को कुछ राहत जरूर मिल सकती है।

सोना-चांदी ताजा भाव

इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के आंकड़ों के मुताबिक, 24 कैरेट सोने की कीमत इस हफ्ते 4,694 रुपये प्रति 10 ग्राम कम हुई है। अब 24 कैरेट सोने का भाव 1,54,884 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। इससे पहले इसकी कीमत 1,59,578 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई थी। सोने के भाव में आई इस गिरावट से उन लोगों को फायदा हो सकता है, जो शादी या किसी दूसरे जरूरी काम के लिए सोना खरीदने की योजना बना रहे हैं। गहने बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले 22 कैरेट सोने की कीमत भी नीचे आई है। इसका भाव अब 1,41,874 रुपये प्रति 10 ग्राम है। पहले 22 कैरेट सोना 1,46,173 रुपये प्रति 10 ग्राम पर मिल रहा था। यानी इसकी कीमत में करीब 4,300 रुपये की कमी आई है। वहीं 18 कैरेट सोने का भाव भी 3,500 रुपये प्रति 10 ग्राम घट गया है। गिरावट के बाद इसकी कीमत 1,16,163 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। चांदी खरीदने वालों के लिए भी इस हफ्ते राहत रही। चांदी का भाव 8,436 रुपये प्रति किलो गिरकर 2,35,456 रुपये प्रति किलो हो गया है। इससे पहले इसका भाव 2,43,892 रुपये प्रति किलो था। हालांकि, पूरे हफ्ते सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव बना रहा। 31 अगस्त को दोनों धातुओं के भाव ऊंचे स्तर पर पहुंचे थे, लेकिन बाद में बिकवाली बढ़ने से कीमतों में गिरावट आ गई।

सोना खरीदते समय सिर्फ बाजार भाव देखना पर्याप्त नहीं है। गहनों की कीमत में मेकिंग चार्ज और जीएसटी भी जुड़ता है। इसलिए खरीदारी से पहले दुकानदार से पूरे बिल की जानकारी जरूर लें। साथ ही सोने की शुद्धता और हॉलमार्क की जांच करना भी जरूरी है। फिलहाल सोने और चांदी के दाम में आई गिरावट खरीदारों के लिए राहत वाली खबर है। हालांकि, कीमती धातुओं के भाव कभी भी बदल सकते हैं। इसलिए खरीदारी से पहले उस दिन का ताजा भाव जरूर जांच लें।

Share

Recent News