उत्तर प्रदेश

कौशाम्बी पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: मुख्य अभियुक्त नौशाद अली मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; 11 की मौत

कौशाम्बी में अवैध पटाखा फैक्ट्री विस्फोट केस में मुख्य अभियुक्त नौशाद अली को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया। पैर में गोली लगी, तमंचा बरामद। हादसे में 11 लोगों की मौत।

Published by
सुनील राय

कौशाम्बी जनपद में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस ने मंगलवार को भोर में मुख्य अभियुक्त नौशाद अली को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की ओर से चलाई गई गोली नौशाद के पैर में लगी। घायल अवस्था में नौशाद को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। नौशाद के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किया गया है। नौशाद अली, अवैध पटाखा फैक्ट्री के संचालक मोहम्मद आदिल का पिता है।

अवैध पटाखा फैक्ट्री में दुर्घटना के बाद से पुलिस अभियुक्तों की तलाश कर रही है। आज मंगलवार को भोर में पुलिस को ज्ञात हुआ कि कौशांबी के चरवा इलाके में नौशाद मौजूद है और वहां से कहीं फरार होने की योजना बना रहा है। पुलिस ने नौशाद के ठिकाने पर दबिश दी। पुलिस को देखकर नौशाद ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस ने गोली चलाई और नौशाद के पैर में गोली लगी।

उल्लेखनीय है कि सोमवार को अवैध पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ। इसके बाद तीन मंजिला मकान की छत ढह गई। दो किलोमीटर दूर तक लोगों ने धमाके की आवाज सुनी। घायलों को आनन फानन में चारपाई पर लेकर अस्पताल भागना पड़ा। धमाकों और आग की चपेट में आने से कई मकान क्षतिग्रस्त हुए। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है।

Share