नई दिल्ली: टिम कुक के CEO पद से हटने के साथ एपल एक नए नेतृत्व के दौर में प्रवेश कर गया है। अब एपल कंपनी की कमान (Apple’s new CEO) 51 वर्षीय जॉन टर्नस के हाथों में होगी। वह साल 2001 में एपल की डिजाइन टीम में शामिल हुए थे और कंपनी में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं। वह एपल के हार्डवेयर इंजीनियरिंग के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट भी रह चुके हैं।
साल 2011 में एपल के CEO बने थे टिम कुक
टिम कुक करीब 30 साल से एपल से जुड़े थे। वह 2011 से कंपनी के सीईओ थे। स्टीव जॉब्स की मौत से कुछ हफ्ते पहले उन्होंने एपल के CEO पद की जिम्मेदारी संभाली थी। बतौर CEO अपने आखिरी दिन टिम कुक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एपल कंम्युनिटी के लिए एक संदेश लिखा। जिसमें उन्होंने कहा कि उनका पद अगले दिन बदल जाएगा पर एपल कम्युनिटी के लिए उनका प्यार कभी नहीं बदलेगा।

टिम कुक ने एपल की मार्केट वैल्यू 4.5 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंचाई
बता दें कि टिम कुक के कार्यकाल में एपल की मार्केट वैल्यू 4.5 ट्रिलियन डॉलर के पार पहुंची। उनके नेतृत्व में एपल का कारोबार केवल मौजूदा प्रोडक्ट्स तक सीमित नहीं रहा बल्कि कंपनी ने हार्डवेयर, चिप्स और अपनी टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम को भी लगातार मजबूत किया। जॉन टर्नस सीईटो के रूप में कंपनी की रोजमर्रा की लीडरशिप संभालेंगे। वहीं, टिम कुक अब कंपनी में कार्यकारी अध्यक्ष की भूमिका निभाएंगे। सीईओ के तौर पर कर्मचारियों को भेजे अपने आखिरी मेमो में टिम कुक ने स्टीव जॉब्स को भी याद किया। उन्होंने कहा कि कंपनी की सफलता उसके कर्मचारियों से ही है। उन्होंने कंपनी की सफलता का पूरा श्रेय पूरी टीम को दिया।











