हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद शुद्धिकरण के मामले में नया मोड़ आ गया है। शुद्धिकरण में शामिल दो युवकों ने राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में शिकायत दी है। दोनों युवक वंचित समाज से ही आते हैं।
दोनों युवकों ने राहुल गांधी पर दलितों के अपमान का आरोप लगाया है। दोनों युवकों ने हल्द्वानी कोतवाली में शिकायती पत्र दिया है। युवकों ने शिकायत में राहुल गांधी पर दलितों का अपमान करने, धार्मिक अनुष्ठान को बेवजह जातिगत रंग देने और राजनीतिक फायदे के लिए समाज में वैमनस्य फैलाने का आरोप लगाया है। राहुल गांधी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
राहुल गांधी के खिलाफ बीएनएस की धारा 196 और 229 के तहत केस दर्ज किया गया है। एससी-एसटी एक्ट के तहत भी कार्रवाई हुई है।
गौरतलब है कि 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा हुई थी। इसके दो दिन बाद कुछ स्थानीय धार्मिक संगठनों ने मैदान का शुद्धिकरण किया था। शुद्धिकरण करने वाले संगठनों और शिकायतकर्ता युवकों का कहना है कि यह अनुष्ठान खरगे की जाति को लेकर बिल्कुल नहीं था।
उनका कहना है कि कांग्रेस की रैली में एक विशेष समुदाय ने धार्मिक स्थान (जहां रामलीला का मंचन होता है) वहां पर आपत्तिजनक नारे लगाए गए थे और गंदगी की गई थी, जिससे मैदान की गरिमा और पवित्रता भंग हुई।
राहुल गांधी ने इस मामले को बेवजह राजनीतक रंग दिया है। उन्होंने इसे छुआछूत का नाम दिया है। राहुल का कहना है कि खरगे दलित समुदाय से आते हैं, इसलिए बीजेपी और आरएसएस से जुड़े लोगों ने यह कृत्य किया। शिकायत करने वाले युवकों का कहना है कि झूठा नैरेटिव गढ़कर राहुल गांधी ने खुद दलितों का अपमान किया है।















